सोजत। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रदेशभर में चलाए जा रहे समरसता संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को सोजत में कलश वंदन यात्रा निकाली गई। कलश वंदन यात्रा का रथ सोजत स्थित केवल अपरोक्ष आश्रम पहुंचा, जहां विधिवत रूप से कलश का पूजन किया गया।
इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने संत रविदास महाराज के जयकारों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया। कार्यक्रम स्थल का माहौल भक्तिमय एवं ऊर्जामय रहा।
सभा को संबोधित करते हुए सोजत विधायक शोभा चौहान ने कहा कि संत रविदास महाराज ने समाज में समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने और राष्ट्र को मजबूत बनाने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि 650वें जयंती वर्ष के अवसर पर चलाया जा रहा समरसता संकल्प अभियान संत रविदास महाराज के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
पूर्व कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण दवे ने कहा कि संत रविदास महाराज का जीवन त्याग, तपस्या और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने समाज में ऊंच-नीच और भेदभाव को समाप्त कर मानव मात्र की समानता का संदेश दिया। हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लेना चाहिए।
आश्रम के संचालक एवं युवा संत पूर्णानंद महाराज ने कहा कि संत रविदास महाराज ने भक्ति के साथ सामाजिक जागरण का कार्य किया। उनका संदेश पूरे समाज के लिए प्रेरणादायी है। संतों की वाणी और विचार समाज में प्रेम, सद्भाव एवं समरसता स्थापित करने का मार्ग दिखाते हैं।
इस अवसर पर ओबीसी मोर्चा प्रदेश प्रवक्ता राजेश तंवर, पाली जिला महामंत्री दिग्विजय सिंह राठौड़ एवं सोजत विधानसभा संयोजक कन्हैयालाल ओझा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन भाजपा महामंत्री हीरालाल कांठेर ने किया।
कलश वंदन यात्रा के पवित्र कलश को ओम प्रकाश वैष्णव, नरपत सिंह सोढ़ा, श्याम सिंह चौहान, राजेंद्र शर्मा एवं महेश सोनी लेकर चले।
कलश यात्रा का स्थानीय सिंघाड़िया बास स्थित रामदेव मंदिर एवं चांदपोल गेट पर मदन मोदी के नेतृत्व में पूजन एवं स्वागत किया गया। वहीं नारसिंहपुरा में धीरज नागोरा के नेतृत्व में कलश यात्रा का पूजन एवं स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश पवार, अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश प्रवक्ता यासीन छिपा, पूर्व जिला महामंत्री मोहन जाट, जिला उपाध्यक्ष नरपत राज सोलंकी, श्यामलाल गहलोत, जिला मंत्री महावीर अखावत, सुरताराम देवासी, सोजत मंडल महामंत्री तरुण सोलंकी, कार्यक्रम सहसंयोजक नरपत सिंह सोढ़ा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
News Credit : Aamir Raza

Comments