सोजत सिटी। राजकीय जिला अस्पताल सोजत सिटी में मरीजों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के तहत ऑनलाइन OPD पर्ची और डिजिटल टोकन व्यवस्था लागू की जा रही है। नई व्यवस्था के तहत मरीज घर बैठे या अस्पताल परिसर में लगाए गए QR कोड को स्कैन कर ऑनलाइन पंजीकरण, OPD पर्ची और डिजिटल टोकन प्राप्त कर सकेंगे।
प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार गुप्ता ने अस्पताल परिसर में लगाए गए ‘कतारों से बचें’ पोस्टर पर लगे QR कोड को मोबाइल से स्कैन कर पूरी प्रक्रिया का सजीव प्रदर्शन किया। उन्होंने मरीजों, परिजनों और अस्पताल कर्मियों को डिजिटल पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी दी।
कुछ ही सेकंड में बनेगी ऑनलाइन पर्ची
डॉ. गुप्ता ने बताया कि अस्पताल के प्रमुख स्थानों पर QR कोड वाले पोस्टर लगाए गए हैं। मरीज अपने मोबाइल से QR कोड स्कैन कर ABHA ID बना सकते हैं। इसके बाद ऑनलाइन OPD पर्ची और डिजिटल टोकन प्राप्त किया जा सकेगा।
इस व्यवस्था से पर्ची काउंटर पर लगने वाली भीड़ कम होने के साथ मरीजों के समय की भी बचत होगी। मरीजों को अस्पताल में पंजीकरण के लिए लंबी कतारों में खड़े होने से राहत मिलने की उम्मीद है।
डिजिटल रिकॉर्ड से उपचार में भी सुविधा
डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से मरीजों के स्वास्थ्य रिकॉर्ड को डिजिटल रूप में सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी। वहीं डिजिटल टोकन के जरिए मरीजों को क्रमबद्ध तरीके से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में सुविधा होगी।
इससे अस्पताल में मरीजों की आवाजाही और पंजीकरण व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाने में भी मदद मिलेगी।
पीएमओ डॉ. राजेश कुमार गुप्ता ने मरीजों और आमजन से अस्पताल में उपलब्ध QR कोड सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार मरीजों की सुविधा बढ़ाने और अस्पताल की कार्यप्रणाली को आधुनिक एवं सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Comments